लवकुशनगर/जुझारनगर (छतरपुर), जावेद खान। छतरपुर ​जिले के लवकुशनगर क्षेत्र में दो मासूम भाइयों के अपहरण और दोहरे हत्याकांड के सनसनीखेज मामले में सोमवार सुबह एक बड़ा और नया घटनाक्रम सामने आया। जुझारनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुरवा बम्होरी में एक कुएं से एक अज्ञात व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिला है। आशंका जताई जा रही है कि यह शव दोनों मासूमों की हत्या के मुख्य आरोपी बालकेश सिंह का हो सकता है। हालांकि, पुलिस द्वारा अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


कुएं में उतराता मिला 2-3 दिन पुराना शव

सोमवार सुबह पुरवा बम्होरी गांव के पास स्थित एक कुएं में ग्रामीणों ने तैरता हुआ शव देखा, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जुझारनगर थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस टीम ने शव को बाहर निकालने और उसकी शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


शादीशुदा प्रेमिका की सनक में की थी दो बच्चों की हत्या

उल्लेखनीय है कि लवकुशनगर के वार्ड नंबर-2, सिद्दन मोहल्ला निवासी निरपत यादव के दो स्कूली बेटों—सचिन यादव (11) और प्रेम यादव (9) का शुक्रवार को स्कूल से लौटते समय अपहरण कर लिया गया था। शादीशुदा प्रेमिका को पाने की अंधी सनक में आरोपी प्रेमी ने दोनों मासूमों को पहाड़तरे के पुरवा के पास स्थित कुएं में जिंदा फेंककर उनकी निर्मम हत्या कर दी थी। दोनों बच्चों के शव बरामद होने के बाद से क्षेत्र में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


शिनाख्त और मेडिकल जांच के बाद ही साफ होगी स्थिति

दोहरे हत्याकांड के बाद से ही पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई थी। अब पुरवा बम्होरी के कुएं में मिले शव को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी जान दे दी या मामला कुछ और है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव की विधिवत शिनाख्त, पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शव हत्यारोपी बालकेश सिंह का है अथवा किसी अन्य व्यक्ति का। घटना को लेकर पूरे अंचल में भारी गहमागहमी बनी हुई है।