दमोह/मड़ियादो, राजकुमार पाठक। दमोह जिले के मड़ियादो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार रात प्रसव के दौरान नवजात की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए शुक्रवार सुबह अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि प्रसव जटिल होने के बावजूद महिला को समय रहते रेफर नहीं किया गया, जिसके चलते नवजात की जान चली गई।


जानकारी के अनुसार, मड़ियादो निवासी मिथलेश पाल (23) को उनके परिजन गुरुवार सुबह करीब 8 बजे प्रसव के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। महिला को अस्पताल में भर्ती किया गया था। परिजनों के मुताबिक, मिथलेश को लगातार प्रसव पीड़ा हो रही थी, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ ने उनकी गंभीरता को लेकर परिजनों को उचित जानकारी नहीं दी।


मृत नवजात के पिता प्रदीप पाल ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने नर्स से महिला को देखने के लिए कहा तो उन्हें चार से पांच घंटे बाद देखने की बात कही गई। रात में प्रसव पीड़ा बढ़ने पर परिजनों ने महिला को रेफर करने की मांग की, लेकिन नर्स ने उन्हें आश्वासन दिया कि बच्चा सही है और प्रसव सामान्य तरीके से हो जाएगा।


प्रदीप पाल के मुताबिक, इसके बाद रात करीब 8:30 बजे महिला ने मृत नवजात को जन्म दिया। उनका आरोप है कि यदि महिला या नवजात की स्थिति गंभीर थी तो उन्हें समय रहते बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया जाना चाहिए था। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


घटना से नाराज परिजनों ने शुक्रवार सुबह मड़ियादो स्वास्थ्य केंद्र के बाहर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर तहसीलदार उमेश तिवारी और हटा बीएमओ डॉ. उमाशंकर पटेल मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे परिजनों से चर्चा की। अधिकारियों ने उनकी मांगों को सुना और मामले के निराकरण का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण और मामले की जांच शुरू की गई।


हटा बीएमओ डॉ. उमाशंकर पटेल ने बताया कि उन्हें भी नवजात की मौत की जानकारी मिली है। वह मड़ियादो पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल अधिकारियों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही हुई थी या नहीं।