आगर-मालवा। जिले के पिपलिया चाचा गांव में शनिवार सुबह एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। अपने खेत में गेंहू की फसल निकाल रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग मांगी लाल पिता भुवान सिंह की थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग का आधा शरीर मशीन के भीतर खिंच गया, जिससे मौके पर ही उनके प्राण पखेरू उड़ गए। जिस वक्त यह हादसा हुआ, मृतक का बेटा और परिवार के पांच-छह अन्य सदस्य खेत पर ही मौजूद थे, जिनकी आंखों के सामने यह पूरी घटना घटित हुई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे जब थ्रेशर से गेंहू निकालने का काम चल रहा था, तभी अचानक मांगी लाल का हाथ मशीन की चपेट में आ गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या मशीन बंद की जाती, थ्रेशर ने उनके शरीर के ऊपरी हिस्से को अंदर खींच लिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
शव की स्थिति इतनी वीभत्स थी कि उसे निकालने के लिए पूरी थ्रेशर मशीन को औजारों की मदद से खोलना पड़ा। मशीन के भीतर शरीर कई हिस्सों में बंट गया था और टुकड़े जगह-जगह फंसे हुए थे। पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद क्षत-विक्षत शव को बाहर निकाला और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

