छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा में पावर प्लांट और विकास को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ बुधवार को तीन दिवसीय दौरे पर छिंदवाड़ा पहुंचे, जहां इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। अपने दौरे के दौरान वे छिंदवाड़ा, परासिया और जामई विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलनों में शामिल होकर संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा करेंगे।

मीडिया से बातचीत में नकुलनाथ ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल छिंदवाड़ा ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के किसान गेहूं खरीदी केंद्रों पर परेशान हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की व्यवस्थाएं पहले दिन से ही कमजोर नजर आ रही हैं और किसानों को समय पर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

न्यूक्लियर पावर प्लांट के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद छिंदवाड़ा के विकास के लिए कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कमलनाथ ने उद्योगपति गौतम अडानी से भी इस विषय में चर्चा की थी, लेकिन अब भाजपा को विकास की याद आ रही है।

नकुलनाथ ने सवाल उठाते हुए कहा कि तथाकथित “तीन इंजन वाली सरकार” आखिर अब तक क्या कर रही थी और क्यों विकास कार्यों में देरी हुई। उनके इस बयान के बाद छिंदवाड़ा की राजनीति में पावर प्लांट और विकास को लेकर बहस और तेज होने की संभावना है।