इंदौर, रविकांत वर्मा। देव गुराड़िया पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कालिंदी मिडटाउन, विंध्य, शिवालिक, नीलगिरी, संपत, नालंदा, पुष्परतन, विनायक सहित आसपास की कई कॉलोनियों के रहवासियों ने अधूरी सड़क निर्माण के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित नहीं है, बल्कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।


नागरिकों का आरोप है कि पिछले करीब दस महीनों से सड़क निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है, जिससे हजारों परिवारों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। खराब और अधूरी सड़क के कारण महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग तथा दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। बारिश के मौसम में मिट्टी से बनी अस्थायी सड़क फिसलन भरी हो जाती है, जिससे आवागमन और अधिक जोखिमपूर्ण हो गया है।


रहवासियों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति का असर स्कूल बसों के संचालन पर भी पड़ रहा है। बच्चों को समय पर विद्यालय पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं आपातकालीन सेवाओं और दैनिक आवाजाही में भी लगातार बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।


प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय करने और निर्माण पूरा होने तक वैकल्पिक मार्ग को सुरक्षित एवं आवागमन योग्य बनाए जाने की भी मांग की गई।


नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जनहित में व्यापक आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि यह केवल सड़क निर्माण का मामला नहीं, बल्कि हजारों लोगों की सुरक्षा और जीवन से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।