भोपाल, जीतेन्द्र यादव। पुलिस मुख्यालय में आयोजित आईजी और एडीजी कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस ने पिछले वर्षों में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौती से प्रभावी ढंग से मुकाबला किया और इसे समाप्त करने की दिशा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश उन राज्यों में शामिल है जिसने सबसे पहले नक्सलवाद की समस्या पर निर्णायक नियंत्रण स्थापित किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के अनुरूप नए कानूनों को हर परिस्थिति में प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है और प्रदेश के विकास में पुलिस विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।


भोपाल में एटीएस द्वारा की गई हालिया कार्रवाई पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ने मामले में तत्परता और पेशेवर दक्षता के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क को समाप्त करने की दिशा में लगातार कार्रवाई कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जिहादी मानसिकता और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा तथा नई चुनौतियों से निपटने की रणनीतियों पर भी चर्चा की।