भिवाड़ी (राजस्थान)। राजस्थान के भिवाड़ी में एक केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से 8 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में 2 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए दिल्ली एम्स रेफर किया गया है। हादसा खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया में सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। उस समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। खुशखेड़ा और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से आई दमकल गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


एडीएम सुमिता मिश्रा ने बताया कि पुलिस को गश्त के दौरान घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू शुरू किया गया। फैक्ट्री मालिक राजेंद्र बताया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां केमिकल के साथ अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। आग में शव बुरी तरह झुलस गए, कई मामलों में केवल कंकाल शेष रहे। घटनास्थल पर बॉडी पार्ट्स के टुकड़े बिखरे मिले, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने पॉलीथीन में इकट्ठा किया।


दोपहर करीब 12:30 बजे कलेक्टर अर्तिका शुक्ला मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह छोटे एक्सप्लोसिव मटेरियल का मामला प्रतीत होता है, गैस रिसाव के संकेत नहीं मिले हैं। अब तक 5 मृतकों की पहचान हो पाई है, जो बिहार के मोतिहारी के रहने वाले बताए गए हैं। शेष मृतकों की पहचान और रिकॉर्ड जुटाने की प्रक्रिया जारी है। घटना की जांच जारी है और जिम्मेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।