छतरपुर, संदीप यादव। शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरियादी दीपक चौरसिया (48) पिता दीनदयाल चौरसिया निवासी दूधनाथ कॉलोनी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। शिकायत के अनुसार 6 जुलाई को लवकुशनगर में उनकी कोर्ट मैरिज हुई थी। इसके अगले दिन 7 तारीख की रात करीब 9:30 बजे दीपक अपने भाई को देखने जिला अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नवविवाहिता पत्नी मौका पाकर फरार हो गई। मामले में 9 तारीख को थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि शादी की पूरी डील सबसे पहले टीकमगढ़ जिले के बम्होरी निवासी बबलू उर्फ जयप्रकाश अहिरवार ने करीब 1 लाख 80 हजार रुपये में कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने बबलू उर्फ जयप्रकाश अहिरवार, कमलेश पटेल उर्फ भगतजी, राजनारायण सिसोदिया, शंभू पटेल तथा रचना अनुरागी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला रचना अनुरागी की पहले भी दो शादियां हो चुकी हैं और उसने लालच में आकर तीसरी शादी की थी। जांच के दौरान महिला के पास से चार अलग-अलग आधार कार्ड तथा एक बुरखा भी बरामद किया गया है। रचना अनुरागी देरी रोड क्षेत्र की निवासी बताई गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इस तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। मामले की विवेचना जारी है।




