बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी क्षेत्र में रविवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक सराफा व्यापारी की कनपटी पर बंदूक सटाकर करीब 9 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरों से भरी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के दौरान डकैतों ने व्यापारी द्वारा विरोध किए जाने पर हवाई फायरिंग की और उनके सिर पर लाठियों से ताबड़तोड़ 7-8 बार वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यापारी के जमीन पर गिरते ही बदमाश जेवरों से भरे दोनों थैले लूटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। लांजी इलाके में पहली बार हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
लांजी थाना पुलिस के अनुसार यह वारदात लांजी-आमगांव मुख्य मार्ग पर घटित हुई। घायल सराफा व्यापारी की पहचान कामना ज्वेलर्स के संचालक कपिल आसटकर के रूप में हुई है। पीड़ित व्यापारी कपिल आसटकर ने बताया कि वह रोजाना की तरह पुराने पंचायत दफ्तर के पास एक कॉम्प्लेक्स में स्थित अपनी दुकान को बंद करने के बाद सोने-चांदी के कीमती जेवरात दो थैलों में रखकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। उनका घर दुकान से महज 700 मीटर की दूरी पर कलार समाज के मंगल भवन के पास स्थित है। रविवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच जैसे ही वे अपने घर के समीप एक मोड़ से गली की ओर मुड़े, तभी दो बाइकों पर सवार होकर आए करीब 8 नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।
रास्ता रोकने के बाद बदमाशों ने कपिल आसटकर से जेवरों से भरे दोनों थैले छीनने का प्रयास किया। जब व्यापारी ने थैले देने से साफ इनकार कर दिया और शोर मचाया, तो बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग कर दी। इसके तुरंत बाद एक बदमाश ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया और उनके सिर पर लगातार 7 से 8 वार किए। लाठियों के इस भीषण प्रहार के कारण कपिल आसटकर लहूलुहान होकर अपनी मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े। उनके जमीन पर गिरते ही बदमाश सोने-चांदी के जेवरों से भरे दोनों थैले लेकर आमगांव रोड की ओर तेजी से भाग निकले। छीने गए जेवरातों की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल कपिल आसटकर को गंभीर अवस्था में स्थानीय सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने सिर की गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए महाराष्ट्र के गोंदिया अस्पताल रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि वारदात के समय संयोगवश पूरे इलाके की बिजली गुल थी। बदमाशों ने इसी घने अंधेरे का पूरा फायदा उठाया और रेकी कर इस वारदात को अंजाम दिया ताकि उनकी पहचान उजागर न हो सके।
वारदात की सूचना मिलते ही लांजी थाना पुलिस की टीम बल के साथ मौके पर पहुंची और नाकाबंदी कर फरार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आसपास के क्षेत्रों और आमगांव रोड की तरफ जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं, साथ ही बिजली गुल होने के समय के तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इस बड़ी डकैती का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

