सतना,अंबिका केशरी । जिले के चित्रकूट वन परिक्षेत्र अंतर्गत मंगलवार की सुबह नर सांभर पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब जंगल से भटका हुआ सांभर गांव पहुंच गया। आवारा कुत्तों के हमले से घायल हालत में सांभर जान बचाने के लिए एक बाड़े में घुस गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने कुत्तों को खदेड़कर जान बचाई और वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर वन अमला पहुंच कर घायल सांभर का रेस्क्यू किया। रेंजर अभिषेक मिश्रा ने बताया कि टेढ़ी पतवनिया ग्राम पंचायत के अमहा गांव के रास्ते में सतन पटेल के पुरवा के पास सुबह लगभग 8.30 बजे एक नर सांभर को देखकर कुत्तों के झुंड ने उसे दौड़ा लिया। इसके बाद सांभर को घेरकर कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों द्वारा किसी तरह कुत्तों के चंगुल से सांभर को बचाया गया। घायल हालत में सांभर एक बाड़े में घुस गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। सांभर की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका रेस्क्यू कर पशु चिकित्सालय ले जाया जाएगा जहां इलाज के बाद सांभर को जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
जंगल से भटक कर गांव पहुंचा सांभर, आवारा कुत्तों ने किया घायल

Saurabh Shukla
2 अगस्त 2026, 01:02 pm IST
Saurabh Shukla2 अगस्त 2026, 01:02 pm IST



