छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर के प्रसिद्ध मोटे के महावीर मंदिर में सप्तदिवसीय श्रीरामचरितमानस सम्मेलन एवं भव्य श्री राम कथा का शुभारंभ हुआ है। कथा की शुरुआत से पूर्व संपूर्ण नगरवासियों के आह्वान पर सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस धार्मिक महोत्सव में वृंदावन धाम से पधारे कथा व्यास द्वारा मानस पाठ और कथा के माध्यम से धर्मप्रेमियों को भक्ति रस से सराबोर किया जा रहा है।
आयोजन के संबंध में समाजसेवी विनोद रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित श्रीरामचरितमानस लोकभाषा में रचित वह ग्रंथ है जिसने समाज को जोडऩे का काम किया है। हालांकि शुरुआती दौर में काशी के बड़े-बड़े विद्वानों द्वारा इसका विरोध भी किया गया था कि यह ग्रंथ साधारण भाषा में लिखा गया है, लेकिन समय के साथ इसकी महत्ता और लोकप्रियता पूरे विश्व में स्थापित हुई। इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा का श्रवण कर रहे हैं और अपने जीवन को धन्य बना रहे हैं।













