जबलपुर, अनुराग शुक्ला। त्योहारों पर मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने साउथ सिविल लाइन, ग्वारीघाट और रामपुर स्थित तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
साउथ सिविल लाइन स्थित सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट में गंदगी के बीच भोजन तैयार करने और सब्जी धोने व खाना बनाने में बाथरूम का पानी इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया। अधिकारियों के अनुसार, यहां तैयार भोजन रेलवे में सप्लाई किया जाता था। टीम ने पनीर, दाल और चावल के सैंपल लेकर एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित कर रेस्टोरेंट को सील कर दिया।
वहीं, ग्वारीघाट स्थित न्यू केशरवानी स्वीट्स से नारियल बर्फी और मगज के लड्डू, जबकि रामपुर स्थित मधु कलश स्वीट्स से आटे के लड्डू और पेड़े के नमूने लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर चलाया जा रहा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।














