ब्यावरा, राजगढ़। राजगढ़ जिले के ब्यावरा में भोपाल बायपास ब्रिज पर शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानपुर से इंदौर जा रही तेज रफ्तार बस ब्रिज के कर्व पर अनियंत्रित होकर सेफ्टी वॉल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसकी कई खिड़कियां टूट गईं।


हादसे के दौरान बस की ऊपरी स्लीपर सीटों पर बैठे कई यात्री खिड़कियां टूटने के कारण ब्रिज से नीचे जा गिरे, जबकि कुछ यात्री ब्रिज पर ही गिर गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर कई यात्री घायल अवस्था में पड़े थे, जबकि कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।


4 यात्रियों की मौत, 11 घायल


हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बस ड्राइवर के अलावा बेंगलुरु में पदस्थ साइबर इंस्पेक्टर रवि केबी पिता बसप्पा भी शामिल हैं। हादसे में 11 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल ब्यावरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।


आरोपी को पकड़ने इंदौर आ रही थी साइबर टीम


हादसे में जान गंवाने वाले साइबर इंस्पेक्टर रवि केबी बेंगलुरु में पदस्थ थे। जानकारी के अनुसार वे अपनी टीम के साथ एक आरोपी को पकड़ने के लिए इंदौर आ रहे थे। उनकी टीम के विश्वनाथ पिता मोहन और रमेश पिता पंडप्पा भी हादसे में घायल हुए हैं।


ओवरस्पीड से हादसे की आशंका


राजगढ़ एसपी अमित तोलानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ओवरस्पीड सामने आ रही है। ब्रिज पर कर्व होने के कारण तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर दीवार से टकराई। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे के अन्य कारणों की जांच में जुटी है।


राज्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल


हादसे की जानकारी मिलने के बाद राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार और एसपी अमित तोलानी ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और डॉक्टरों से उपचार एवं घायलों की स्थिति की जानकारी ली।


राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि ब्रिज के कर्व को देखते हुए वहां संकेतक और ब्रेकर लगाए जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं।