भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकारी बकाया राशि की वसूली को लेकर प्रशासन के दोहरे मापदंड खुलकर सामने आ रहे हैं। एक तरफ जहां बिजली बिल की मामूली रकम बकाया होने पर गरीब किसानों की सिंचाई मोटर और घरेलू सामान जब्त करने के लिए विभाग की टीमें खेतों तक पहुंच रही हैं, वहीं दूसरी ओर राजधानी भोपाल के पॉश इलाकों में सरकारी बंगलों पर काबिज हारे हुए विधायकों, पूर्व मंत्रियों, सांसदों, अफसरों और संस्थाओं पर किराए व जुर्माने के करीब 10 करोड़ रुपये बकाया होने के बावजूद उन्हें केवल नोटिस जारी कर छोड़ दिया गया है। संपदा संचालनालय द्वारा अब तक 23 बड़े बकाएदारों को नोटिस थमाए गए हैं, जबकि अन्य लोगों के बकाए का हिसाब तैयार किया जा रहा है।
टीकमगढ़ में किसान के बेटे का छलका था दर्द, इधर रसूखदारों पर मेहरबानी
सरकारी सख्ती के इस भेदभाव की एक मार्मिक तस्वीर इसी माह नवंबर 2026 में टीकमगढ़ जिले की मोहनगढ़ तहसील अंतर्गत रानीपुरा गांव में देखने को मिली थी। वहां किसान संजय केवट के खेत का बिजली बिल बकाया होने पर विद्युत विभाग की टीम उनकी मोटर जब्त करने पहुंच गई थी। इस कार्रवाई से आहत किसान के मासूम बेटे ने हाथ में 'बका' (हंसिया) उठा लिया था और रोते हुए कहा था— "किसी में दम हो तो यह मोटर लेकर जाओ, ये हमारे बाप की है।" बच्चे का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इसके ठीक विपरीत, राजधानी भोपाल में रसूखदार पूर्व माननीय और अफसर लाखों रुपये का सरकारी किराया दबाकर बैठे हैं, लेकिन उन पर कोई ठोस बेदखली या कुर्की की कार्रवाई नहीं हो रही है।
पूर्व सीएम कैलाश जोशी के बंगले पर 32 लाख, दो पूर्व मंत्रियों पर 33 लाख बकाया
स्व. कैलाश जोशी का आवास (32 लाख बकाया): भोपाल के 74 बंगला क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी को आवंटित सरकारी आवास (B-30) पर करीब 32 लाख रुपये बकाया हैं। वर्तमान में यहां उनके बड़े बेटे प्रकाश जोशी निवास करते हैं। कैलाश जोशी के दूसरे बेटे दीपक जोशी के अनुसार, तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिता के निधन के बाद प्रकाश जोशी की स्थिति को देखते हुए कहा था कि वे जब तक चाहें, इस आवास में रह सकते हैं।
अरविंद सिंह भदौरिया (17 लाख बकाया): भिंड जिले की अटेर सीट से विधायक और शिवराज सरकार में सहकारिता मंत्री रहे अरविंद भदौरिया वर्ष 2023 का विधानसभा चुनाव हार गए थे। इसके बावजूद 74 बंगला क्षेत्र में उन्हें आवंटित सरकारी आवास पर करीब 17 लाख रुपये बकाया हैं।
रामपाल सिंह (16 लाख बकाया): रायसेन जिले की सिलवानी सीट से पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री रामपाल सिंह को शिवाजी नगर में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के समीप सरकारी बंगला आवंटित हुआ था, जिस पर वर्तमान में करीब 16 लाख रुपये किराया बकाया चल रहा है।
ये भी पढ़ें




पूर्व मंत्री मीना सिंह के बंगले पर चस्पा हुए दो नोटिस, एल. मुरुगन के आवास पर 13 लाख बकाया
उमरिया जिले की मानपुर सीट से पांच बार विधायक रहीं मीना सिंह को शिवराज सरकार में जनजातीय कार्य मंत्री रहते हुए बी-श्रेणी का सरकारी आवास (B-27) आवंटित हुआ था। वर्तमान सरकार में मंत्री न बनाए जाने के बावजूद वे इसी बंगले में रह रही हैं। संपदा संचालनालय ने उनके बंगले के बाहर दो नोटिस चस्पा किए हैं, जिसमें 12 नवंबर को जारी नोटिस के अनुसार उन पर 17 लाख 52 हजार रुपये बकाया दर्ज हैं। इसी तरह, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद रहे एल. मुरुगन ने संसद सदस्यता और केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें 74 बंगला क्षेत्र में बी-15 नंबर का सरकारी आवास आवंटित है, जिस पर करीब 13 लाख रुपये बकाया हैं। हालांकि, बताया जाता है कि इस आवास का उपयोग भाजपा संगठन के एक पदाधिकारी द्वारा किया जा रहा है।
नरोत्तम मिश्रा और यशोधरा राजे ने चुकाई अपनी बकाया राशि
बकाएदारों की इस लंबी फेहरिस्त के बीच कुछ पूर्व मंत्रियों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए बकाया राशि जमा भी कर दी है। पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, जिन्होंने इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा था, उन्हें 45 बंगला क्षेत्र में आवंटित सरकारी आवास पर करीब 9 लाख रुपये बकाया थे, जिसे उन्होंने पूरा चुका दिया है। इसी प्रकार दतिया से चुनाव हारने वाले पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के चार इमली स्थित सरकारी आवास पर भी करीब 9 लाख रुपये का किराया बकाया था, जिसे उन्होंने दतिया उपचुनाव से पहले ही पूरी तरह जमा कर दिया था।
















