छतरपुर, संदीप यादव। बमीठा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 में पुराने विवाद के चलते दो व्यक्तियों पर तलवार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां ट्रॉमा वार्ड में उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 10 निवासी गुलाब सक्सेना (62 वर्ष) पिता शिवनंदन प्रसाद और उनके साले आशुतोष खरे (30 वर्ष) पिता शिवशरण खरे के साथ यह घटना हुई। घायल गुलाब सक्सेना के अनुसार मोहल्ले के ही शंकर मिश्रा द्वारा उनकी बेटी को कथित रूप से गाली-गलौज की जाती थी, जिसकी शिकायत पूर्व में बमीठा थाने में भी दर्ज कराई गई थी।
ये भी पढ़ें
बताया गया कि आज सुबह करीब 8 बजे जब परिवार के लोग फूल तोड़कर लौट रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि शंकर मिश्रा की पत्नी रजनी मिश्रा महिला सुमन के साथ गाली-गलौज कर रही हैं। यह देख गुलाब सक्सेना मौके पर पहुंचे और अपनी पत्नी को घर के अंदर जाने के लिए कहा। जैसे ही महिला अंदर गई, आरोप है कि शंकर मिश्रा और रजनी मिश्रा ने गुलाब सक्सेना तथा आशुतोष खरे पर तलवार से हमला कर दिया।
हमले में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद दोनों घायल बमीठा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बमीठा पुलिस दोनों को बमीठा अस्पताल ले गई, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. अभय सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।



















