भिंड, अक्षय जोशी । मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-719 स्थित चंबल पुल पर तकनीकी खराबी सामने आने के बाद प्रशासन ने एहतियातन भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया है। पुल के पियर नंबर-5 के बेरिंग में घिसाव एवं क्षति पाए जाने के बाद यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भारी वाहनों का ट्रैफिक वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट कर दिया गया है। अब भारी वाहन फूप, हनुमंतपुरा और चकरनगर मार्ग से होकर गुजरेंगे। पुल की स्थिति का आकलन करने के लिए आगरा से आई तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच की।
वहीं, पुल की विस्तृत तकनीकी जांच के लिए दिल्ली से विशेषज्ञ इंजीनियरों की एक टीम भी आज मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेगी। टीम द्वारा पुल की संरचनात्मक मजबूती, क्षतिग्रस्त बेरिंग और संभावित मरम्मत कार्यों का परीक्षण किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान भिंड कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना एवं पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने और आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण होने तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध जारी रहेगा।
प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा से बचा जा सके।

