टीकमगढ़/पलेरा, सोनू विश्वकर्मा। टीकमगढ़ जिले के जतारा पुलिस थाने में गुरुवार को एक दलित युवक द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने से हड़कंप मच गया। चंदेरा थाना क्षेत्र के ग्राम जेवर निवासी आसाराम वंशकार ने कथित रूप से न्याय नहीं मिलने से परेशान होकर थाने परिसर में अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे समय रहते रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित का आरोप है कि 8 जुलाई को गांव के कुछ लोगों ने उसके और उसके परिजनों के साथ मारपीट की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया। इस संबंध में उसने चंदेरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी और पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन दिया था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी नाराजगी के चलते वह जतारा थाने पहुंचा और आत्मदाह का प्रयास किया।
घटना के बाद थाने में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल युवक को काबू में लेकर उसकी जान बचाई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामला चंदेरा थाना क्षेत्र का है। युवक जतारा थाने कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




