छतरपुर शिवम सोनी। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक हृदयविदारक मामला सामने आया। सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत के बावजूद रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से आहत परिजन न्याय की गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुँचे।
पीड़ित मानिकलाल पाल, निवासी ग्राम बोंकना (थाना गुलगंज), ने दिए आवेदन में बताया कि 21 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे स्कूल वाहन क्रमांक MP17 BA 3277 के चालक भज्जू शर्मा ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी तीन वर्षीय पुत्री मोहनी उर्फ माही को टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, घटना के समय सैकड़ों प्रत्यक्षदर्शी मौजूद थे। अंतिम संस्कार और क्रियाकर्म के बाद 24 फरवरी को जब वे थाना गुलगंज रिपोर्ट दर्ज कराने पहुँचे, तो पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इनकार करते हुए रिपोर्ट लिखने से मना कर दिया।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कराने और थाना गुलगंज को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश देने की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।

