छतरपुर, सोनू विश्वकर्मा। सिविल सोसायटी एवं प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में गांधी आश्रम सभागार में एक गरिमामयी प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आकाशवाणी के पूर्व उप निदेशक, वरिष्ठ प्रसारक एवं लब्धप्रतिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुनील केशव देवधर को उनके सांस्कृतिक, साहित्यिक व प्रसारण क्षेत्र में उत्कृष्ट अवदान के लिए तथा शहर की नवोदित प्रतिभा डॉ. प्रांशी अग्रवाल (पुत्री राजेश अग्रवाल, पौत्री हरि अग्रवाल) को जिला अस्पताल में चिकित्सीय सेवा हेतु चयन होने पर शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
सिविल सोसायटी के संयोजक शंकरलाल सोनी एवं पंकज कुमार जैन ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य महाराजा छत्रसाल की पावन धरा से जुड़ी दो अलग-अलग पीढिय़ों की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को एक मंच पर सम्मानित कर नई पीढ़ी को प्रेरित करना था। समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षाविद डॉ. बहादुर सिंह परमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि डॉ. जयकृष्ण पौराणिक रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार शिवभूषण सिंह गौतम, संतोष पटैरिया एवं वरिष्ठ कवयित्री मालती श्रीवास्तव मंचासीन रहीं।
कार्यक्रम के प्रेरक वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. सुरेंद्र सिन्हा अंजलि ने कहा कि डॉ. देवधर ने आकाशवाणी के माध्यम से बुंदेली संस्कृति, लोक संगीत और साहित्य को राष्ट्रीय फलक पर स्थापित किया। वर्ष 1978 में आकाशवाणी छतरपुर में कैजुअल अनाउंसर से शुरुआत कर 1990 में संघ लोक सेवा आयोग के जरिए कार्यक्रम अधिकारी बने डॉ. देवधर मुंबई व पुणे में पदस्थ रहे तथा 17 जुलाई 2016 को पुणे से उप निदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए।
सम्मान के प्रत्युत्तर में डॉ. देवधर ने कहा कि यह सम्मान आकाशवाणी के श्रोताओं, कलाकारों और सहयोगियों का है। सम्मान समारोह के उपरांत एक भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसका संचालन कवि अभिराम पाठक ने किया तथा कवि आर.सी. चौरसिया ने अभिनंदन पत्र प्रस्तुत किया। विनीता गुप्ता की सरस्वती वंदना से आरंभ हुए कवि सम्मेलन में गायत्री वाजपेयी, शोभा श्रीवास्तव, अना हारून, इंदू खरे, कवि अकेला, राघवेंद्र उदैनिया, सुरेंद्र शर्मा, जे.पी. वर्मा, दिल्लाराम अहिरवार, स्मिता जैन, प्रो. राजकुमार पाठक, सीताराम साहू, शिवेंद्र शुक्ला एवं एस.एस. खरे ने काव्य पाठ किया। आयोजन में पूर्व कमांडेंट करन सिंह, वरिष्ठ पत्रकार हरि अग्रवाल, बी.के. पुष्पद, बी.पी. सिंह, डॉ. एच.पी. अग्रवाल सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में संयोजक शंकरलाल सोनी ने सभी का आभार व्यक्त किया।














