उमरिया, तपस गुप्ता। घुनघुटी वन परिक्षेत्र में इन दिनों वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार शाम घुनघुटी और शहडोल के बीच ऋतुवन ढाबा के पास NH-43 के नजदीक एक बाघिन दिखाई देने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बाघिन के साथ उसके शावक भी मौजूद थे।


सड़क किनारे बाघिन को देखकर राहगीरों ने अपने वाहन रोक दिए और मोबाइल से उसका वीडियो बनाने लगे। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान बाघिन अचानक आक्रामक हो गई और मुंह खोलकर लोगों की ओर दौड़ पड़ी। बाघिन को अपनी ओर आता देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बाघिन ने किसी व्यक्ति पर हमला नहीं किया और कुछ देर बाद जंगल की ओर लौट गई।


घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बाघिन हाईवे के आसपास घूमती हुई नजर आ रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक घुनघुटी और आसपास के जंगलों में पिछले कुछ समय से बाघिन की लगातार आवाजाही देखी जा रही है। घुनघुटी से शहडोल, मजगामा, जुमड़ी, पतनार खुर्द और गांधीग्राम क्षेत्र में भी वन्यजीवों की गतिविधियां सामने आती रही हैं।


वन विभाग की टीम कर रही निगरानी


घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। घुनघुटी रेंजर धरमु सिंह ने बताया कि NH-43 के पास बाघिन दिखाई देने की सूचना मिली थी। उसके साथ शावक होने की भी जानकारी मिली है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और सुरक्षा के लिए बल भी तैनात किया गया है।


लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील


वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि बाघिन या किसी अन्य वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और वीडियो बनाने के लिए भीड़ न लगाएं। शावकों के साथ होने के कारण बाघिन अधिक आक्रामक हो सकती है। हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों से भी सतर्कता बरतने और वन्यजीव दिखाई देने पर वाहन रोककर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।