मुरैना। मुरैना के कैलारस में कार्तिक स्नान के दौरान बड़ा हादसा: कुंवारी नदी में डूबने से तीन नाबालिग बच्चियों की मौत कार्तिक स्नान करने गई तीन नाबालिग बच्चियां गहरे पानी में समा गईं। नदी में डूबने से तीनों बच्चियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
कार्तिक स्नान के दौरान हुआ हादसा
कैलारस क्षेत्र के हरलाल का पुरा गांव के पास स्थित कुंवारी नदी में यह हादसा गुरुवार सुबह हुआ। जानकारी के अनुसार, गांव की बच्चियां कार्तिक मास के उपलक्ष्य में परंपरा अनुसार नदी में स्नान करने गई थीं। नहाने के दौरान तीनों बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और खुद को संभाल नहीं पाईं, जिससे वे डूब गईं।
NDRF और पुलिस ने रेस्क्यू कर निकाले शव
घटना की सूचना मिलते ही कैलारस थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को राहत एवं बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। एनडीआरएफ की टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में व्यापक सर्चिंग अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों के शव बाहर निकाले।
मृतकों की पहचान और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मुरैना एसपी धर्मराज मीना के अनुसार, हादसे का शिकार हुई तीनों बच्चियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- प्राची यादव (उम्र 12 वर्ष) - पुत्री भारत यादव
- चंदा यादव (उम्र 10 वर्ष) - पुत्री भरत यादव (प्राची और चंदा सगी बहनें थीं)
- निशि यादव (उम्र 12 वर्ष) - पुत्री भरत यादव
गांव में छाया शोक का सन्नाटा
शवों को बाहर निकालने के बाद पुलिस की मौजूदगी में उन्हें कैलारस अस्पताल भिजवाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया की जा रही है। एक ही परिवार और गांव की तीन मासूम बच्चियों की अकाल मौत से हरलाल का पुरा गांव पूरी तरह शोक में डूबा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।














