उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र से एक दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मवेशी चराने जंगल गए एक 65 वर्षीय बुजुर्ग चरवाहे को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। बुधवार देर रात जंगल में बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया, जिसके बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।


मवेशी चराने गए थे जंगल, देर रात मिला शव

यह दुखद हादसा पनपथा बफर परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छतवा क्षेत्र के जमुनिया के जंगल में हुआ। जमुनिया गांव निवासी राजेन्द्र यादव (65) बुधवार को रोजाना की तरह अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल गए हुए थे। जब वे देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को अनहोनी की चिंता हुई। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल में उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद देर रात जंगल के भीतर राजेन्द्र यादव का शव बरामद हुआ।


शरीर पर गंभीर चोट के निशान; बाघ के हमले की आशंका

परिजनों के अनुसार, बुजुर्ग के पैर पर गहरे और गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पैर दो हिस्सों में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। शव की हालत देखकर प्राथमिक दृष्टि में बाघ द्वारा शिकार बनाए जाने और हमले में मौत होने की प्रबल आशंका जताई जा रही है।


वन विभाग ने शुरू की जांच, गांवों में फैली दहशत

घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम और क्षेत्र संचालक सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वन विभाग ने मौत के सटीक कारणों की पुष्टि के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही आसपास के जंगलों में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। घटना के बाद से जमुनिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की सीमा में न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है।