छतरपुर। परिक्षेत्र मडिय़ादो वफर अंतर्गत बीट घोघरा मेंं टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देेशन में छापामार कार्यवाही करते हुए अवैध सागौन की लकड़ी काटते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही के आधार पर 24 नग सागौन की बल्लियां सहित औजार बरामद कर मामला दर्ज किया है।


वन परिक्षेत्राधिकारी जयप्रकाश मिश्रा ने बताया कि कक्ष क्रमांक पीएफ/353 में नोनेलाल आदिवासी पिता अज्जू आदिवासी उम्र 50वर्ष को सागौन लकड़ी काटते हुए वन अमले ने मौके पर पकड़ा। आरोपी के कब्जे से एक नग सागौन लकड़ी सहित 02 नग ठूठ मौके पर पर पाए गए। प्रकरण की जांच के दौरान जंगल में 03 नग अन्य ठूठ पाए गए। मामले में आरोपी से पूछताछ करने पर उसने अपने घर की बागड़ से 24 नग सागौन की बल्लियां सहित कुल्हाड़ी, रुमदा, छेनी, हथोड़ा, गिनमिट आदि औजार जप्त करवाए। वन विभाग ने आरोपी के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी। कार्यवाही के दौरान टीम में परिक्षेत्र सहायक प्रमोद शुक्ला, वन रक्षक वीरेश खटीक, रामगोपाल एवं सुरक्षा श्रमिक शामिल रहे।