दमोह/हटा (जिमी नगरिया)। हटा ब्लॉक के रजपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे तथा दोनों बच्चों को बाहर निकालकर डायल-112 की मदद से सिविल अस्पताल हटा लाया गया।
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सोनू यादव और भविष्य यादव, पिता संजू यादव, निवासी सेमरा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में एक पेट्रोल पंप के निर्माण के लिए मिट्टी की खुदाई की गई थी, जिससे गहरा गड्ढा बन गया था। बारिश का पानी भर जाने से यह गड्ढा तालाब जैसा दिखाई देने लगा। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे उसमें नहाने के लिए गए थे, तभी गहरे पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही हटा एसडीओपी कृष्णपाल सिंह सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत नारायणपुरा के सरपंच जशवेंद्र यादव भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पानी से भरे खुले गड्ढों को सुरक्षित कराने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन से ठोस व्यवस्था करने की मांग की है।




