भोपाल, जीतेंद्र यादव। मंत्री विश्वास सारंग ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत द्वारका नगर स्थित बावड़ी में श्रमदान कर सफाई अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता मित्रों के साथ झाड़ू लगाकर सफाई कार्य किया और जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया। नरेला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस अभियान के तहत बावड़ी परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण और संवर्धन वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जल बचाने और पारंपरिक जल संरचनाओं को संरक्षित करने के लिए जनभागीदारी जरूरी है।


कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्वच्छता मित्रों को किट वितरण कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मित्र समाज के वास्तविक कर्मवीर हैं, जिनके सहयोग से स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण संभव हो पाता है। अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वच्छता कर्मी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।