मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के अफजलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राणाखेड़ा फंटा पर सिंचाई परियोजना की पाइपलाइन डालने के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार पाइपलाइन की खुदाई के दौरान दूसरे पक्ष की पाइपलाइन फूट गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और देखते ही देखते विवाद उग्र हो गया।


घटना से नाराज लोगों ने पाइपलाइन खुदाई कार्य में लगी ठेकेदार की जेसीबी मशीन में आग लगा दी। आगजनी की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही अफजलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।


पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं जेसीबी में आग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।