छतरपुर। शुक्रवार को छतरपुर के यातायात थाना परिसर में यातायात जागरूकता के उद्देश्य से नवनिर्मित ट्रैफिक पार्क का लोकार्पण पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन श्रीमती डॉ. हिमानी खन्ना, पुलिस उपमहानिरीक्षक छतरपुर रेंज विजय कुमार खत्री, पुलिस अधीक्षक अगम जैन एवं छतरपुर सदर विधायक श्रीमती ललिता यादव की उपस्थिति में किया गया।


जिस पार्क का लोकार्पण हुआ उसमें जन सामान्य, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं को यातायात नियमों की व्यावहारिक जानकारी देने हेतु यातायात संकेतक, सिग्नल लाइट, बस स्टैंड, स्कूल, रेलवे स्टेशन, अस्पताल, रोड क्रॉस, डू नॉट क्रॉस, ज़ेबरा क्रॉसिंग, फुटपाथ, रोड सेफ्टी, स्पीड लिमिट, टर्निंग, सकरी सड़क, पुलिया एवं गलियों से संबंधित मॉडल, बोर्ड एवं बैनर प्रदर्शित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, ट्रैफिक पार्क में चित्रकारों द्वारा बनाई गई आकर्षक चित्रकारी के माध्यम से हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने, मोबाइल फोन पर बात न करने, गलत तरीके से ओवरटेकिंग न करने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़े।


वेस्ट टू बेस्ट अभियान के अंतर्गत कबाड़ की वस्तुओं का उपयोग कर पार्क में दोपहिया वाहन, साइलेंसर गेट आदि आकर्षक संरचनाओं का निर्माण भी किया गया है। ट्रैफिक पार्क में एक खुले मंच का निर्माण किया गया है, जिससे स्कूल, कॉलेज एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा यातायात जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा होगी। ट्रैफिक पार्क के निर्माण में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर पालिका, व्यापारीगण एवं जन सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


कार्यक्रम के दौरान पार्क निर्माण में जन सहभागिता करने वाले सदस्यों, राहवीर अभियान के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरों, हेलमेट बैंक में सहयोग करने वाले गणमान्य नागरिकों, पार्क में जागरूकता चित्रकारी करने वाले चित्रकारों, पेंटिंग प्रोजेक्ट में सहभागी छात्र-छात्राओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने वालों को सम्मानित किया गया। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा छतरपुर पुलिस के इस अभिनव प्रयास एवं नवनिर्मित ट्रैफिक पार्क की सराहना करते हुए इसे यातायात जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।


कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक छतरपुर आदित्य पटले, आईपीएस (पी) लेखराज मीणा, थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक बृहस्पति साकेत, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविंद सिंह दांगी, थाना प्रभारी ओरछा रोड उप निरीक्षक दीपक यादव, नगर के गणमान्य नागरिक, शैक्षिक संस्थानों से अध्यापक एवं छात्र-छात्राएं एवं मीडिया बंधु उपस्थित रहे।