छतरपुर,शिवम सोनी । एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद अपने पांच बच्चों को छोड़कर घर से चली गई। महिला अपने साथ ढाई साल की बच्ची को भी ले गई है। घटना को एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस महिला और बच्ची को बरामद नहीं कर सकी है। इससे नाराज परिजन बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।


पीडि़त मूलचन्द्र अहिरवार ने बताया कि उसकी पत्नी 30 मार्च 2026 को जिला अस्पताल में इलाज कराने का कहकर घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। उस समय वह दिल्ली में मजदूरी करने गया हुआ था। मामले की गुमशुदगी रिपोर्ट 1 अप्रैल को कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि पुलिस को महिला का पता करीब 15 दिन पहले ही चल गया था, लेकिन अब तक परिजनों को कोई जानकारी नहीं दी गई।


परिजनों का कहना है कि महिला इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक के संपर्क में आई थी, जो सोशल मीडिया पर कट्टा और बंदूक के वीडियो पोस्ट करता है। इन वीडियो से क्षेत्र में दहशत का माहौल भी बना हुआ है। महिला अपने साथ जरूरी दस्तावेज और बैंक पासबुक भी ले गई है।


घर पर मौजूद चार मासूम बेटियां अपनी मां के इंतजार में हैं और पिता से लगातार सवाल कर रही हैं। भावुक पति ने पुलिस अधीक्षक से पत्नी और बच्ची को जल्द ढूंढकर सौंपने की गुहार लगाई है। वहीं, इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।