बांदा, अनवर रजा। शहर कोतवाली क्षेत्र के कालूकुआं मजार के पास बुधवार रात घर के निचले हिस्से में सो रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने 10 बिस्वा जमीन के विवाद में मृतक के भतीजे पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी भतीजे को हिरासत में ले लिया है।
कालूकुआं मजार निवासी लल्ला राजपूत (75) पुत्र मंगला राजपूत बुधवार रात घर के नीचे वाले हिस्से में अकेले सो रहे थे, जबकि बेटा रामगोपाल, बहू शांति और दो बच्चे छत पर सो रहे थे। रात करीब 12 बजे अज्ञात हमलावर ने लल्ला राजपूत के गले पर चाकू से कई वार कर उनकी हत्या कर दी। सुबह जब परिजन नीचे उतरे तो बुजुर्ग का रक्तरंजित शव देख चीख-पुकार मच गई।
मृतक के पुत्र रामगोपाल ने पुलिस को बताया कि परिवार में करीब 10 बिस्वा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। तीन महीने पहले भाई चंद्रपाल की मौत के बाद यह विवाद और गहरा गया था। आरोप है कि भतीजा भूरा राजपूत इस जमीन को अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। दीपावली के दिन भी उसने बुजुर्ग के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी रंजिश में भूरा ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी भूरा राजपूत को पकड़कर पूछताछ की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

















