बांदा, अनवर रजा। जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय प्रवक्ता, बुंदेलखंड प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल ने 24 नवंबर की रात करीब 11 बजे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में स्थिति सामान्य मिली, लेकिन ऑर्थो विभाग में भर्ती मरीजों और तीमारदारों ने ऑपरेशन के नाम पर 10 हजार से लेकर 45 हजार रुपये तक वसूलने के गंभीर आरोप लगाए।

शालिनी पटेल ने दावा किया कि उनके पास इन शिकायतों के वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि वेतनभोगी डॉक्टरों के होते हुए सरकारी अस्पताल में गरीबों की जेब क्यों काटी जा रही है। उन्होंने डीएम और मंडलायुक्त के औचक निरीक्षणों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि अधिकारियों के आने से पहले ही सूचना लीक हो जाती है और व्यवस्थाएं चमकाकर मरीजों को चुप करा दिया जाता है। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से कार्रवाई की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में गरीब और ग्रामीण परिवार इलाज के लिए आते हैं, उनका शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद रात साढ़े 12 बजे उन्होंने जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर का भी जायजा लिया, जहां बाहर की दवाइयां और जांच लिखे जाने की शिकायतें सामने आईं।