सतना, सजल कुमार रजक। सिंहपुर थाना क्षेत्र के कोटा गांव में नानी के घर आया 9 वर्षीय बालक कोटा नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। बालक गांव के ही एक साथी के साथ रविवार दोपहर नदी में नहाने गया था। घटना की सूचना मिलते ही सिंहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया।
पुलिस के अनुसार लापता बालक की पहचान लवकुश चौधरी (9), निवासी पवई, जिला पन्ना के रूप में हुई है। वह कुछ दिनों से अपनी नानी के घर कोटा में रह रहा था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह एक साथी के साथ कोटा नदी में नहाने पहुंचा था। इसी दौरान वह नदी के गहरे हिस्से में चला गया और पानी में डूबने के बाद लापता हो गया।
एसडीआरएफ की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कई घंटे तक नदी में बालक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। नदी में पानी के तेज बहाव को देखते हुए घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित पुल के पास जाल भी लगाया गया है, ताकि बालक के बहकर आगे जाने की स्थिति में उसे रोका जा सके। देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली।
अंधेरा बढ़ने के कारण रविवार रात रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह नदी में दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। एसडीआरएफ की टीम नदी के अलग-अलग हिस्सों में बालक की तलाश कर रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




