मैहर, नरेन्द्र पटेल। मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के देवरा-मोलहाई गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय बालक की खुले टैंक में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी भइयालाल के छह वर्षीय पुत्र शिवा के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, शिवा रविवार शाम घर के आसपास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन के पीछे बने खुले टैंक के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। टैंक में पानी भरा होने के कारण वह डूब गया। काफी देर तक बालक के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने भी आसपास खोजबीन की। बाद में टैंक में बालक के गिरने की आशंका पर सर्चिंग की गई, जिसमें उसका शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना रात करीब 9 बजे रामनगर थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार, सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




