पन्ना/अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। केन-बेतवा लिंक परियोजना के बाद पन्ना जिले की मझगाय मध्यम एवं रुंझ परियोजना में विस्थापन मुआवजे को लेकर आंदोलन जारी है। समाजसेवी अमित भटनागर के नेतृत्व में कुंवरपुर के पास चिता आंदोलन और सांकेतिक फांसी आंदोलन चलाया जा रहा है, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल होकर मुआवजे की मांग कर रहे हैं। करीब 10 दिनों से चल रहे आंदोलन के बीच पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने मझगाय परियोजना से जुड़े बालूपुर एवं झगरहा के 27 पात्र विस्थापित हितग्राहियों को बढ़ी हुई विस्थापन राशि की पहली किस्त के रूप में 7 लाख 50 हजार रुपए के प्रमाण पत्र वितरित किए।


विधायक ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना के विस्थापितों की विस्थापन राशि में प्रदेश सरकार ने 12 लाख 50 हजार रुपए की वृद्धि की थी, जबकि मझगाय और रुंझ परियोजना में विस्थापन राशि पहले केवल 5 लाख रुपए थी। उन्होंने बताया कि विस्थापितों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर दोनों परियोजनाओं के प्रभावितों की राशि भी बढ़ाकर 12 लाख 50 हजार रुपए किए जाने का आग्रह किया था। विधायक के अनुसार, काफी प्रयासों के बाद दोनों परियोजनाओं के विस्थापितों की राशि बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को पारदर्शिता के साथ राहत राशि का भुगतान कराया जाएगा और किसी पात्र व्यक्ति का नाम नहीं छूटेगा तथा किसी अपात्र व्यक्ति को सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। वहीं, उन्होंने आंदोलन को लेकर कहा कि कुछ लोग लोगों को गुमराह कर विरोध प्रदर्शन के माध्यम से राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं।