मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के सुपरा गांव में रविवार रात इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार कार ने मंदिर से प्रसाद लेकर बाहर निकल रही महिलाओं और एक बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे में छह महिलाएं और 13 वर्षीय बच्ची घायल हो गईं, जिनमें चार महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक महिला के दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हुए हैं।


जानकारी के अनुसार, गांव के बालाजी मंदिर में गणेशजी की मूर्ति स्थापना के बाद आरती और प्रसाद वितरण चल रहा था। इसी दौरान कुछ महिलाएं मंदिर के बाहर निकल रही थीं, तभी रात करीब 11:30 बजे काले रंग की कार क्रमांक RJ 45 CS 0432 तेज गति से आई और महिलाओं को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसे एक खंभे से बांधकर मारपीट की। कार में भी तोड़फोड़ की गई। स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह इनवे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को ग्रामीणों से छुड़ाकर हिरासत में लिया। चालक की पहचान अर्जुन सिंह (32), पिता कमल सिंह, निवासी सुजानपुरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार कार में चालक अकेला था।


घायलों को डायल-112 की मदद से पिपलियामंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात करीब 1 बजे घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें कार की टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी और क्षतिग्रस्त कार दिखाई दे रही है।


घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया और पिपलियामंडी थाने के सामने महू-नीमच हाईवे जाम कर थाने का घेराव किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की भी सूचना है। मौके पर पहुंचे एसडीओपी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।