टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। कोतवाली थाना क्षेत्र के कुमैदान मोहल्ला निवासी 17 वर्षीय नाबालिग ने कोतवाली में पदस्थ आरक्षक शत्रुधन दांगी उर्फ अगम दांगी और उसके एक साथी पर आधी रात घर पहुंचकर मारपीट करने, जबरन थाने ले जाने तथा छोड़ने के एवज में रुपए लेने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 6 जून की रात आरोपियों ने घर पहुंचकर उसके पिता के बारे में पूछताछ की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर मोबाइल तोड़ दिया। आरोप है कि उसे जबरन कोतवाली थाना ले जाया गया, जहां छोड़ने के बदले रुपए मांगे गए। परिजनों का कहना है कि बाद में 5 हजार रुपए देने के बाद युवक को छोड़ा गया।
पीड़ित ने दावा किया है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जिसके बाद उसने स्वयं जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है तथा मामले की जांच एसडीओपी से कराई जा रही है।




