छतरपुर, संजय अवस्थी। कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी छतरपुर द्वारा बुधवार को छत्रसाल चौराहे पर एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और भाजपा सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जताया।


उपवास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर मध्य प्रदेश के सभी जिला एवं ब्लॉक मुख्यालयों पर एक दिवसीय उपवास रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी पहले वोट चोरी करती थी और अब सीट चोरी करने का काम कर रही है। भाजपा द्वारा राज्यसभा चुनाव में तीसरा प्रत्याशी उतारने से उसकी मंशा पहले ही स्पष्ट हो गई थी।


गगन यादव ने कहा कि जब कांग्रेस के विधायक एकजुट होकर चुनाव लड़ने की तैयारी में थे, तब भाजपा ने चुनाव आयोग पर दबाव बनाकर कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करा दिया। उन्होंने दावा किया कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं है और केवल एक कानूनी नोटिस के आधार पर उनका नामांकन खारिज किया गया है।


उन्होंने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग भाजपा के एजेंट के रूप में कार्य कर रहा है। कांग्रेस इस कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या मानती है और इसी के विरोध में पूरे प्रदेश में उपवास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन स्वीकार नहीं किया गया तो पार्टी पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।