कुंडा (प्रतापगढ़)। उत्तर प्रदेश के कुंडा में चल रही बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के मंच से योग गुरु बाबा रामदेव ने विरोधियों पर तीखा पलटवार करते हुए हुंकार भरी है। कथा आयोजन को लेकर चल रहे विवादों पर सीधा निशाना साधते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि कुछ लोगों ने कुछ विवाद किया है। पहले तो वे आते या नहीं आते, लेकिन अब जब विवाद किया गया है तो वे ज़रूर आएंगे। उनके इस बयान ने कथा पंडाल में मौजूद लाखों श्रद्धालुओं में जोश भर दिया।
बाबा रामदेव ने मंच से स्पष्ट किया कि वे इस आयोजन में अकेले नहीं आए हैं, बल्कि सनातन धर्म की एकता का संदेश देने के लिए शीर्ष संतों को साथ लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष पूज्य स्वामी रवींद्र पुरी जी महाराज और पूज्य हरि चेतनानंद जी महाराज का परिचय कराते हुए जनसमूह से उनका ज़ोरदार अभिनंदन कराया। रामदेव ने कहा कि ये संत हमारी परंपरा के बड़े महापुरुष हैं, जो हज़ारों संतों को एक सूत्र में जोड़कर रखते हैं।
कथा के आयोजक रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' की सराहना करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि राजा भैया का अपना एक प्रभाव और जलवा रहा है, वे जहां रहते हैं वहां उनके पीछे एक बहुत बड़ा जनसैलाब चल पड़ता है। उन्होंने कहा कि पंडाल में चारों तरफ सनातन, धर्म और अध्यात्म की गौरव-कीर्ति बढ़ रही है और यह विशाल जनसमूह इस बात का प्रमाण है कि भारत ऋषियों, राम, कृष्ण और भगवान शिव की भूमि है।
विरोधियों को वैचारिक जवाब देते हुए बाबा रामदेव ने श्रद्धालुओं को राष्ट्रीय और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से आत्मगौरव का बोध कराया। उन्होंने कहा कि हम मात्र एक स्त्री या पुरुष के रूप में केवल एक देह नहीं हैं। राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में हर व्यक्ति के अंतर्मन में यह भावना होनी चाहिए कि वह मात्र एक व्यक्ति नहीं है, बल्कि उसके भीतर भारत बसता है और वह स्वयं भारत का संविधान तथा लोकतंत्र है।
आध्यात्मिक दृष्टि से अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए रामदेव ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर रामत्व, कृष्णत्व और शिवत्व का वास है, जबकि माताएं-बहनें स्वयं सीता, लक्ष्मी, दुर्गा, सरस्वती, पार्वती और भगवती का विग्रहवान स्वरूप हैं। उन्होंने कहा कि हम ही भारत का सनातन, वेद परंपरा, उपनिषद, रामायण, महाभारत, श्रीमद्भागवत गीता और पुराण हैं। अपने संबोधन के दौरान हरियाणा-राजस्थान बॉर्डर पर हुए अपने जन्म का जिक्र करते हुए उन्होंने संतों के चरणों में श्रद्धा अर्पित की और मारवाड़ी भजन गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

















