छतरपुर। नगर के सुप्रसिद्ध बगराजन माता मंदिर परिसर में आयोजित व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से बड़ा निर्णय लिया गया है। बैठक में सर्वसम्मति से मयूर वाधवानी को 'बुंदेलखंड व्यापारी संघ' का नया अध्यक्ष चुना गया।


अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालते ही मयूर वाधवानी ने व्यापारियों के हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत करने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


"व्यापारियों के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ूंगा"

अध्यक्ष चुने जाने के बाद व्यापारियों को संबोधित करते हुए मयूर वाधवानी ने कहा, "व्यापारियों की हर छोटी-बड़ी समस्या में मैं सदैव उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूँगा। यदि व्यापारियों के हितों की अनदेखी होती है, तो उनके हक की लड़ाई अग्रिम पंक्ति में रहकर मजबूती से लड़ी जाएगी।"


व्यापारियों में उत्साह, संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

मयूर वाधवानी के अध्यक्ष बनने की घोषणा होते ही उपस्थित व्यापारियों में भारी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने फूल-मालाओं से नव-नियुक्त अध्यक्ष का स्वागत किया। बैठक के दौरान उपस्थित प्रमुख व्यापारियों ने संगठन के विस्तार, स्थानीय व्यापारिक समस्याओं के समाधान और व्यापारियों की आवाज को प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।