भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसूनी तंत्र बेहद मजबूत हो गया है। विशेषकर पूर्वी मध्य प्रदेश के रीवा, डिंडौरी, पन्ना, सतना, मऊगंज और मैहर जिलों में बने स्ट्रॉन्ग सिस्टम के कारण जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं। नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे जबलपुर के भेड़ाघाट स्थित प्रसिद्ध धुआंधार जलप्रपात का दृश्य जलमग्न होने के कारण दिखना बंद हो गया है। बिगड़ते हालात को देखते हुए मैहर में स्कूल और डिंडौरी में आंगनवाड़ियों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।


मऊगंज और उमरिया में दर्दनाक हादसे: नदी में बहे लोग

मऊगंज: गुरुवार को हुई अतिवृष्टि के कारण अष्टभुजा नदी उफान पर आ गई, जिससे नईगढ़ी गांव पूरी तरह जलमग्न हो गया। जलभराव में अमृत योजना के निर्माण कार्य में लगे कई मजदूर फंस गए, जिनमें से एक व्यक्ति तेज बहाव में बह गया।


उमरिया: उफनती नदी के तेज बहाव में एक बुजुर्ग के बहने की खबर है।


चित्रकूट में सड़कों पर चली नाव, गुप्त गोदावरी गुफाएं बंद

चित्रकूट (सतना): मंदाकिनी नदी के उफान पर आने से बाढ़ का पानी मुख्य बाजार तक पहुंच गया है। सड़कों पर नाव चलाने की नौबत आ गई है। कई पर्यटक क्षेत्र में फंस गए हैं और सुरक्षा के लिहाज से प्रसिद्ध गुप्त गोदावरी की दोनों गुफाओं को प्रवेश के लिए बंद कर दिया गया है।


डिंडौरी: खरमेर नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने के कारण डिंडौरी-मंडला स्टेट हाईवे पूरी तरह बंद हो गया है।


रीवा और पन्ना: रीवा के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है, जबकि पन्ना में तेज बारिश से घरों के भीतर रखा सामान डूब गया। पन्ना में भी स्कूलों का अवकाश रहा।


अगले 24 घंटों में 4 से 8 इंच बारिश का अनुमान, 16 जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान अतिवृष्टि का दौर जारी रहेगा। प्रदेश के 16 प्रमुख जिलों में 4 से 8 इंच तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है:


भारी बारिश अलर्ट वाले जिले: अशोकनगर, छतरपुर, दतिया, दमोह, ग्वालियर, गुना, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, पन्ना, सीधी, निवाड़ी, टीकमगढ़, शिवपुरी, विदिशा और सिवनी।


इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, शहडोल, रीवा और मालवा-निमाड़ अंचल के शेष जिलों में भी हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया गया है। प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।