मैहर, पुष्पेंद्र कुशवाहा। घंटाघर चौराहा मैहर में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित “लव जिहाद” और धर्मांतरण जैसे मुद्दों को लेकर आक्रोश जताया और पुतला दहन किया। इसके साथ ही राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। कार्यक्रम में प्रांत, विभाग, जिला, प्रखंड और खंड स्तर के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नासिक घटना का उठाया मुद्दा
कार्यकर्ताओं ने नासिक में सामने आई कथित घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसने पूरे देश में आक्रोश का माहौल बना दिया है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होना बेहद जरूरी है।
सख्त कानून और कार्रवाई की मांग
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग रखी कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है, और किसी भी प्रकार के शोषण या अवैध गतिविधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाने चाहिए।

