धार/अमझेरा। रक्षाबंधन पर बहन को घर आने का बुलावा देने निकले परिवार के तीन सदस्यों की सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार दोपहर मागोद-अमझेरा-मनावर स्टेट हाईवे पर डागरिया वन गांव के पास बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अंतरसिंह (32), उनके 4 वर्षीय बेटे अशोक और 50 वर्षीय काका भूरूसिंह की मौके पर ही मौत हो गई।


हादसे में अंतरसिंह की 12 वर्षीय बेटी रेशम गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए गंधवानी अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि केशवी निवासी अंतरसिंह अपने बच्चों और काका के साथ मनावर रोड स्थित रोडदा गांव में बहन को रक्षाबंधन पर घर आने का निमंत्रण देने जा रहे थे। बहन के घर से करीब पांच किलोमीटर पहले उनकी बाइक को पीछे से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क से दूर जा गिरी और तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही जीराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। चौकी प्रभारी रविंद्र चौधरी के अनुसार बोलेरो क्रमांक एमपी 11 जेडएन 6288 अमझेरा से जीराबाद की ओर जा रही थी। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए गंधवानी अस्पताल भेजे गए। हादसे के बाद मागोद-मनावर मार्ग पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। रक्षाबंधन से पहले हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। जिस घर में भाई के आने का इंतजार था, वहां अब मातम पसरा है।