भोपाल। राजधानी भोपाल में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 24 अगस्त से 10 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा। इसके साथ ही शहर में ई-बसों की कुल संख्या 30 हो जाएगी। नए बेड़े के आने से कोलार रोड, बैरागढ़, बावड़ियाकलां, एमपी नगर और आईएसबीटी समेत प्रमुख इलाकों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
नई बसों के संचालन के बाद तीन प्रमुख रूट पर बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जाएगी और यात्रियों को करीब 10 से 15 मिनट के अंतराल में बस उपलब्ध होने की सुविधा मिलेगी। फिलहाल इन रूटों पर 20 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। रोजाना करीब 10 से 12 हजार यात्री ई-बस सेवा का उपयोग कर रहे हैं।
ई-बस सेवा के प्रमुख रूट में बैरागढ़ से सलैया तक B35, कोच फैक्ट्री से कोलार रोड तक B36 और बैरागढ़ ई-बस डिपो से आईएसबीटी तक B37 शामिल हैं। इन रूटों से चिरायु अस्पताल, हमीदिया अस्पताल, बोर्ड ऑफिस, डीबी मॉल, न्यू मार्केट, रोशनपुरा और वल्लभ भवन जैसे प्रमुख स्थान जुड़ते हैं। सभी ई-बसों के एमपी नगर से होकर गुजरने से नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा।
नई इलेक्ट्रिक बसों की लंबाई करीब 9 मीटर है, जो पुरानी 12 मीटर लंबी सिटी बसों से कम है। इससे संकरी सड़कों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में इनका संचालन आसान होगा। बसों में दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए हाइड्रोलिक डोर लगाया गया है, जिससे व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल से आने-जाने वाले यात्रियों को आसानी होगी। बस के अंदर एक साथ दो व्हीलचेयर के लिए जगह भी उपलब्ध है। ई-बसों का किराया पहले की तरह किफायती रहेगा और न्यूनतम किराया 6 से 7 रुपये से लेकर अधिकतम 40 रुपये तक रहेगा।




