इंदौर, रविकांत वर्मा। सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स बटोरने के लिए सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट और रील बनाना एक महिला इन्फ्लुएंसर को भारी पड़ गया। तुकोगंज थाना क्षेत्र स्थित व्यस्ततम लैंटर्न चौराहे पर चालू ट्रैफिक के बीच सड़क की जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर रील बनाने वाली युवती के खिलाफ पुलिस ने कड़ा संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।


ट्रैफिक के बीच सड़क पर लेटकर बनाई थी रील

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ था, जिसमें युवती व्यस्त चौराहे पर वाहनों की आवाजाही के बीच जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटी हुई पोज देती नजर आ रही थी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले इस वीडियो के वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की गई।


इन्फ्लुएंसर प्रगति गौर के रूप में हुई पहचान

तुकोगंज थाना पुलिस ने पड़ताल के बाद वीडियो में दिख रही युवती की पहचान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर प्रगति गौर के रूप में की। सार्वजनिक मार्ग में बाधा उत्पन्न करने और खुद के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में डालने के आरोप में पुलिस ने प्रगति गौर के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 270 और 285 के तहत वैधानिक प्रकरण पंजीबद्ध किया है।


पुलिस की दो टूक: रील बनाने पर रोक नहीं, लेकिन सड़क पर अराजकता बर्दाश्त नहीं

इंदौर पुलिस ने आमजन और युवाओं से अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के लिए वीडियो या रील बनाने पर कोई पाबंदी नहीं है, लेकिन सार्वजनिक स्थलों और व्यस्त चौराहों पर इस तरह का जानलेवा व गैर-जिम्मेदाराना आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कृत्यों से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि डिजिटल प्रसिद्धि के लिए कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।