ग्वालियर। ग्वालियर में शादी का झांसा देकर महिला से लंबे समय तक दुष्कर्म करने के आरोप में केस दर्ज होने के बाद एसटीएफ इंस्पेक्टर आनंद कुमार गायब हो गया है। महिला थाना पुलिस ने इसी सप्ताह उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। केस दर्ज होने के बाद आरोपी छुट्टी लेकर गायब हो गया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।


पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2022 में आनंद कुमार थाटीपुर थाने में सब इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ था। इसी दौरान 34 वर्षीय महिला से उसकी पहचान हुई। महिला का आरोप है कि आरोपी ने केस खत्म कराने में मदद का भरोसा देकर उससे संपर्क बढ़ाया और शादी का वादा कर उसका शोषण किया।


पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने अपनी पत्नी को गंभीर बीमारी से पीड़ित बताते हुए पत्नी की मौत के बाद शादी करने का भरोसा दिलाया और बाद में उसे अलग मकान में रखकर लिव-इन रिलेशन में रहने लगा। महिला के मुताबिक, अप्रैल 2025 तक उसका शोषण किया गया। बाद में प्रमोशन के बाद आनंद कुमार एसटीएफ में इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ हो गया।


शादी के लिए दबाव बनाने पर आरोपी द्वारा कथित तौर पर इनकार करने और धमकी देने के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत की। एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर फरार हो गया।


उसकी तलाश में ग्वालियर पुलिस ने भोपाल, ग्वालियर और भिंड में उसके घर समेत 12 से ज्यादा संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उसका सुराग नहीं मिला। पुलिस उसके रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी जुटा रही है। दोनों मोबाइल नंबर बंद होने के कारण फिलहाल उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। महिला सुरक्षा डीएसपी शिखा सोनी के अनुसार, आरोपी की तलाश के लिए महिला थाना पुलिस समेत तीन टीमें लगाई गई हैं।