सागर/रहली, आशु दुबे । रहली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध ऐतिहासिक व पर्यटन स्थल आपचंद गुफा के समीप नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से पिकनिक मनाने पहुंचे 9 युवक-युवतियां नदी के बीच बने टापू पर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही सानौधा थाना पुलिस और राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया।
अचानक पानी बढ़ने से कटा वापसी का रास्ता
जानकारी के अनुसार, सागर शहर से युवक-युवतियों का एक दल आपचंद गुफा घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचा था। वे सभी नदी के बीच स्थित एक टापू पर मौजूद थे, तभी ऊपरी हिस्से में हुई बारिश के चलते नदी का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ गया। देखते ही देखते टापू के चारों ओर पानी का तेज बहाव शुरू हो गया, जिससे किनारे लौटने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया और सभी लोग वहां फंस गए।
रात के अंधेरे और तेज बहाव में चला रेस्क्यू
टापू पर फंसे युवाओं की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सानौधा पुलिस और SDRF की टीम मोटर बोट, लाइफ जैकेट व अन्य बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। रात का अंधेरा और नदी का उफान बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बन रहा था, लेकिन एसडीआरएफ के जवानों ने सावधानीपूर्वक बोट चलाकर एक-एक कर सभी 9 युवक-युवतियों को सुरक्षित किनारे पर पहुंचाया। समय रहते मदद पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया।
विधायक गोपाल भार्गव ने लिया राहत कार्य का जायजा
घटना की जानकारी लगते ही क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव भी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की स्थिति जानी और युवाओं के सकुशल बाहर आने तक घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत कार्यों का जायजा लिया। सभी युवाओं के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद परिजनों और प्रशासन ने राहत की सांस ली। प्रशासन ने नागरिकों से बारिश के मौसम में नदी-नालों और जलस्रोतों के नजदीक न जाने की अपील की है।




