टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर में कानून-व्यवस्था की पोल खोल देने वाला एक मामला सामने आया है। दीपावली के कुछ दिन पहले शहर के सबसे सुरक्षित और वीवीआईपी माने जाने वाले इलाके में एक युवक ने सरेआम हवाई फायर कर अपनी दबंगई का प्रदर्शन किया। हैरानी की बात यह है कि यह घटना केंद्रीय मंत्री, पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय और पुलिस लाइन के बेहद नजदीक हुई, लेकिन कोतवाली पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।

चाट-चौपाटी के बीच सरेआम फायरिंग से दहशत, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

घटनास्थल शहर का एक व्यस्त इलाका है जहां शाम ढलते ही चाट-चौपाटी और खाने-पीने की दर्जनों दुकानें सज जाती हैं। यहां बड़ी संख्या में आम नागरिक अपने परिवारों और बच्चों के साथ वक्त बिताने पहुंचते हैं। ऐसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान पर सरेआम हथियार लहराकर फायरिंग करने की इस घटना ने लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह गोली किसी मासूम या राहगीर को लग जाती, तो इसका जिम्मेदार कौन होता?

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, कोतवाली पुलिस की भूमिका संदेहास्पद

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक चार पहिया वाहन के सामने खड़े होकर लोगों की मौजूदगी के बीच हवाई फायर करता हुआ साफ नजर आ रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद शहरभर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। सवाल यह उठ रहा है कि जब शहर के केंद्र में और प्रशासनिक अधिकारियों के आवास के पास इस तरह खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, तो पुलिस का मुखबिर तंत्र और गश्त दल क्या कर रहा था? क्या पुलिस को अब अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने का इंतजार करना पड़ता है?


अपराधियों में खत्म होता खौफ, शहरवासियों को सता रही सुरक्षा की चिंता

शहर में पुलिस की सक्रियता के लाख दावों के बीच इस तरह की वारदात ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। जब एसपी कार्यालय और पुलिस लाइन के पास अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बेखौफ होकर हथियारों का प्रदर्शन कर रहे हैं, तो आम बस्तियों और आउटर इलाकों में सुरक्षा का क्या हाल होगा, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।

वैधानिक कार्रवाई का इंतजार, पुलिस प्रशासन पर टकटकी

वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब शहरवासियों की नजरें कोतवाली पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हवाई फायर करना और हथियारों का प्रदर्शन करना एक गंभीर अपराध है। नागरिकों ने मांग की है कि पुलिस तत्काल वायरल वीडियो के आधार पर वाहन, हथियार और उसमें शामिल युवक की पहचान कर सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई करे। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि युवक के पास वह हथियार लाइसेंसी था या अवैध। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में त्वरित एक्शन लेती है या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाता है।