छतरपुर, संदीप यादव। शहर के ऐतिहासिक मेला जलविहार में नगर पालिका की उड़नदस्ता टीम की कार्रवाई से भारी बवाल मच गया है। उड़नदस्ते की टीम ने मेला परिसर में पहुंचकर दुकानदारों की बिजली काट दी और मेला बंद करने के निर्देश दिए, जिससे आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में दुकानदार और झूला संचालक सीधे नगर पालिका कार्यालय पहुंच गए और वहां जोरदार हंगामा किया। व्यापारियों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा 20 नवंबर तक मेला लगाने की अनुमति दी गई थी, लेकिन तय समय से पहले ही बिजली काटकर दुकानें खाली कराने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे उनके सामने भारी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
नगर पालिका कार्यालय पहुंचे झूला संचालक और दुकानदारों ने बताया कि झूले का टेंडर 45 लाख 11 हजार रुपये में हुआ है और कल ही पूरी वसूली जमा कराई गई है। संचालकों का कहना है कि दुकानों से झूले चलते हैं और झूलों से दुकानें चलती हैं, यदि दुकानों की बिजली काटकर उन्हें बंद करा दिया जाएगा तो मेले में ग्राहक नहीं आएंगे और उन्हें लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ेगा। वहीं स्थानीय दुकानदार साजू राम विश्वकर्मा सहित बाहर से आए व्यापारियों ने बताया कि कई दुकानदारों ने 15 से 40 हजार रुपये तक खर्च कर दुकानें लगाई हैं और अब जब बिक्री का मुख्य समय आया है तो अचानक लाइट काटकर मेला समेटने को कहा जा रहा है। बाहर से आए कई व्यापारियों के पास तो खाने-पीने तक के पैसे नहीं बचे हैं। सभी दुकानदारों और झूला संचालकों ने मांग की है कि उन्हें तय अनुमति के अनुसार 20 तारीख तक मेला संचालित करने दिया जाए ताकि वे अपना खर्च निकाल सकें।
ये भी पढ़ें





















