छतरपुर, संदीप यादव। जिले के नौगांव थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम चंद्रपुरा में पारिवारिक विवाद के चलते दबंगों द्वारा घर में घुसकर एक परिवार के साथ मारपीट करने और महिलाओं से अभद्रता करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित भागीरथ कुशवाहा (55) ने पुलिस अधीक्षक छतरपुर को लिखित आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और पूरे परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर है।

शिकायती आवेदन के अनुसार, 9 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे द्वारका कुशवाहा, हरगोविंद कुशवाहा, रामहेत कुशवाहा, धर्मेंद्र कुशवाहा और खड़िया कुशवाहा समेत अन्य लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पीड़ित के घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने घर में मौजूद सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे भागीरथ कुशवाहा के सिर में गंभीर चोट आई। इसके साथ ही महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए उनके कपड़े फाड़ने जैसी शर्मनाक हरकत भी की गई। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नौगांव सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज हुआ।


पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद उनके बेटे जगन्नाथ कुशवाहा ने नौगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन स्थानीय पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस और उचित कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के चलते आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार पीड़ित परिवार को जान से मारने तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दे रहे हैं। न्याय की आस में भागीरथ कुशवाहा ने 13 नवंबर को पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।