बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के वारासिवनी-खैरलांजी विधानसभा क्षेत्र में दीपावली और पारंपरिक मंडई पर्व के उल्लास के बीच पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व विधायक प्रदीप (गुड्डा) जायसवाल ने “मेरा क्षेत्र मेरा परिवार-अपनों के साथ” अभियान के तहत ग्रामीण अंचलों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया, उनका कुशलक्षेम जाना और लोक संस्कृति व पारंपरिक आयोजनों के बीच पर्व की खुशियां साझा कीं। दौरे के दौरान उन्होंने ग्राम खैरी में सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की घोषणा की तथा महेंदीवाड़ा में एक मेधावी छात्रा को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया।
खैरी में सड़क निर्माण की घोषणा और महेंदीवाड़ा में मेधावी छात्रा अल्फा मंसूरी का सम्मान
ग्राम खैरी में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रदीप जायसवाल ने बड्डा पवारी टोला से गोसाई टोला तक सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाने की घोषणा की। उन्होंने इस कार्य के लिए सरपंच रामप्रसाद तितरमारे के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और विकास कार्यों को गति देना हमारी प्राथमिकता है। ग्राम महेंदीवाड़ा में सरपंच किशोर तामेश्वर की उपस्थिति में प्रदीप जायसवाल ने कक्षा आठवीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा अल्फा मंसूरी को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसी क्रम में ग्राम साकड़ी एवं चिचगांव में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री प्रबल प्रताप जायसवाल भी विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुए और क्षेत्रवासियों को दीपावली व मंडई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि की कामना की।
ये भी पढ़ें




लोक संस्कृति के रंग में रंगा ग्रामीण अंचल; बोले— 'वारासिवनी-खैरलांजी क्षेत्र मेरा अपना परिवार है'
इन दिनों विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव में ड्रामा, डंडहार, देवी जागरण, छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य एवं आकर्षक झांकियों का उत्साहपूर्वक आयोजन हो रहा है। इसी कड़ी में प्रदीप जायसवाल ग्राम खैरी, खुर्सीपार, मोहगांव खुर्द, कोस्ते, देवगांव, साकड़ी, लिंगमारा कलारीटोला, कोथुरना, गर्राटोला, महेंदीवाड़ा एवं चिचगांव के कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए।
ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि वारासिवनी-खैरलांजी विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक व्यक्ति उनके परिवार का हिस्सा है। जनता के स्नेह और आशीर्वाद से ही उन्हें मध्य प्रदेश शासन में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला, जिससे पूरे प्रदेश और देश में क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हुआ। विशेष रूप से लिंगमारा कलारीटोला के ग्रामीणों से अपने वर्षों पुराने आत्मीय रिश्ते का उल्लेख करते हुए उन्होंने सदैव क्षेत्र के सुख-दुख में सहभागी रहने का संकल्प दोहराया।
इन आयोजनों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं के साथ मिलिंद नगपुरे, अनीश मिश्रा, विक्की एडे, रामप्रसाद तितरमारे, रमनलाल लिल्हारे, टीकमलाल मते, राजकुमार तितरमारे, दिनेश तितरमारे, पूरन लिल्हारे, विनोद लिल्हारे, गणेश सोनवाने, द्रोण डोहरे, चन्द्रशेखर सुलखिया, चन्द्रशेखर नगपुरे, फागुलाल मरठे, परमानंद एरपुड़े, महेश मरठे, टेकनलाल मरठे, दयाराम मरठे, संतोष ठाकरे, परदेसी कुमरे, जगलाल चौधरी, सुरेश चौधरी, उत्कृष्ट चौधरी, नरेन्द्र बिसेन, योगेश सोनटक्के, गोरेलाल ठाकरे, पारिखलाल बिसेन, वासुदेव सोनटक्के, वैभव सोनटक्के, भाऊ लाल कावड़े, दीवान मड़ावी, रामेश्वर डोहरे, गौरव पंचेश्वर एवं आयोजन समिति के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।

















