छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले अंतर्गत बड़ामलहरा नगर के गंज रोड पर बीते सोमवार को एक बेहद भयावह और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां सड़क किनारे पैदल जा रहे एक स्थानीय युवक को पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। इस पूरे घटनाक्रम का रोंगटे खड़े कर देने वाला दृश्य घटनास्थल के समीप लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें




ग्वालियर में जारी है घायल का उपचार, सीसीटीवी फुटेज में दिखी बस की रफ्तार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान बड़ामलहरा निवासी भरत यादव के रूप में हुई है। बीते सोमवार को भरत गंज रोड पर सड़क किनारे पैदल चल रहा था, तभी तेज रफ्तार बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बस की गति काफी तेज थी और टक्कर लगते ही युवक बुरी तरह उछलकर दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायल भरत को अस्पताल ले जाया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया, जहां वर्तमान में उसका इलाज जारी है।
घायल की मां ने बस संचालक पक्ष पर लगाए रंजिश के आरोप, पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
इस पूरे मामले में अब एक नया और गंभीर मोड़ सामने आया है। घायल भरत यादव की मां ने संबंधित बस को बड़ामलहरा निवासी घनश्याम राय की बताते हुए भानु राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि यह महज एक सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं है, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते उनके बेटे को जानबूझकर बस से टक्कर मारी गई है। दूसरी ओर, इस संवेदनशील मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा सीसीटीवी फुटेज और सभी तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह घटना महज लापरवाही से हुआ सड़क हादसा है या इसके पीछे कोई सुनियोजित रंजिश काम कर रही थी।














